अंबाला सिटी के पुलिस ऑडिटोरियम हाल में भजनों पर झूमते पूर्व मंत्री असीम गोयल व अन्य । संवाद
अंबाला सिटी। सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंबाला फर्स्ट संस्था की ओर से रविवार को एक भक्तिमय संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध केशव डिवोशनल रॉक बैंड ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियां देकर सिटी वासियों का दिल जीत लिया। इसमें बगड़ बम-बम लहरी, काली कंबली वाला मेरा यार, मेरे मन का मोहन दिलदार है, जब जिद पर आ गए पार्वती तो समझाने पहुंचे सत्पऋषि, सियाराम जयराम-जय जयराम और दुनिया चले न राम के बिना, राम जी चलें न हनुमान के बिना भजनों ने समा बांध दिया।
बाॅक्स
ऑडिटोरियम में सजी सुरों की महफिल
कार्यक्रम सिटी स्थित पुलिस लाइन के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सायं 5 बजे से हुई। आयोजकों ने बताया कि अपना शहर, अपनी शान की भावना के साथ निवासियों के लिए इस अनूठे भक्ति-रॉक बैंड का आयोजन किया गया है। इस रंगारंग और आध्यात्मिक कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री असीम गोयल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा नेता अनुभव अग्रवाल सहित मंदीप राणा, प्रदीप खेड़ा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक प्रस्तुतियों के जरिए आध्यात्मिकता से जोड़ा
केशव डिवोशनल रॉक बैंड ने अपनी ऊर्जावान और आधुनिक प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं को आध्यात्मिकता से जोड़ा। बैंड ने पारंपरिक भजनों और मंत्रों को रॉक संगीत की गिटार रिफ्स और ड्रम बीट्स के साथ बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया। हरे कृष्ण महामंत्र और अन्य धार्मिक धुनों ने संगीत प्रेमियों के बीच खासी छाप छोड़ी। बैंड से जुड़े लोगों ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को उनकी संस्कृति और जड़ों के करीब लाना है। लाइव कॉन्सर्ट में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि यह अनूठा फ्यूजन युवाओं को मंत्रमुग्ध कर रहा है।
अंबाला सिटी के पुलिस ऑडिटोरियम हाल में भजनों पर झूमते पूर्व मंत्री असीम गोयल व अन्य । संवाद
अंबाला सिटी के पुलिस ऑडिटोरियम हाल में भजनों पर झूमते पूर्व मंत्री असीम गोयल व अन्य । संवाद