माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। कोरोना से जूझ रहे जिलेवासियों के लिए बुधवार का दिन राहत भरा रहा। दो महीने में बुधवार पहला ऐसा दिन रहा जब कोरोना से किसी भी व्यक्ति की जान जिले में नहीं गई और 61 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। राहत इस बात की भी रही की अब तक की सबसे कम संक्रमण दर भी बुधवार को दर्ज की गई। बुधवार को मात्र 1.11 प्रतिशत केस ही संक्रमित मिले। 28 नए केस आने के बाद अब जिले में कुल 335 केस ही एक्टिव रह गए हैं।
जिले में अब तक कोरोना से 494 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं दूसरी तरफ बुधवार को एक दिन में रिकॉर्ड 9256 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका भी लगा। जिले में इस समय 82 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से करीब 75 मरीज सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर सपोर्ट के सहारे सांसें ले रहे हैं। जिले में अब तक 29816 केस संक्रमित मिल चुके हैं इनमें से 28987 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में अब तक 4 लाख 25 हजार 864 सैंपल की जांच हो चुकी है।
जिले में इस समय कुल संक्रमण दर 7.05 प्रतिशत चल रही है जबकि मृत्युदर 1.63 प्रतिशत है। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या घटने से रिकवरी रेट बढ़कर अब 97.22 हो गया है। बुधवार को अंबाला शहर से 9, कैंट से दो, चौड़मस्तपुर से 4, शहजादपुर से 5, बराड़ा से दो, मुलाना और नारायणगढ़ से 3-3 नए केस सामने आए। जिले में वर्तमान समय में 283 संक्रमित होम आइसोलेट हैं। अब कंटेनमेंट जोन की संख्या भी घटकर 212 रह गई है।
जिले में वैक्सीनेशन की स्थिति
जिले में अब तक कुल 4 लाख 47 हजार 37 लोगों को टीका लग चुका है। इनमें से 3 लाख 43 हजार 09 लोगों को पहली और 1 लाख 4028 को दूसरी डोज लग चुकी है। बुधवार की बात करें तो जिले में 1421 लोगों को दूसरी और 7835 को पहली डोज लगी। इनमें से 18 से 44 आयुवर्ग में 5560 लोगों को टीका लगा जबकि 45 से 60 आयुवर्ग में 1041 को पहली और 796 को दूसरी डोज लगी। इसी तरह 60 आयुवर्ग से अधिक वर्ग में 540 को पहली और 408 को दूसरी डोज लगी। 691 फ्रंट लाइन वर्कर को पहली और 176 को दूसरी, 3 हेल्थ वर्कर को पहली और 41 को दूसरी डोज लगी।