अंबाला। मिट्ठापुर में 25 वर्षीय पूजा की फंदे से लटककर हुई मौत के मामले में सुसराल पक्ष के खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तारी न होने पर मायका पक्ष में रोष है। सोमवार को मायके पक्ष के लोग एकजुट होकर साहा थाना पहुंचे और मृतका के पति सहित अन्य नामजद चार लोगों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। मृतका की मां रेखा, पिता विजय कुमार, भाई सोनू व अन्य परिजनों का कहना था कि मृतका को फंदा लगाने के लिए ससुराल पक्ष ने उकसाया है। वे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और पूजा की मौत के तीन घंटे बाद भी परिजनों को कोई सूचना नहीं दी। रिश्तेदारों से पता चलने पर वह मिट्ठापुर पहुंचे थे।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशदीप ने बताया कि परिजनों से मुलाकात हुई थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। पुलिस ने मृतक विवाहिता की मां रेखा के बयान पर पति राजकुमार, सास, ननद व ननदोई के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मृतका पूजा की शादी मिट्ठापुर निवासी शुभम से 2020 में हुई थी। शुभम मोबाइल की दुकान चलाता है। रविवार सुबह पूजा ने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी।