अंबाला में ठंड से बचते हुए अपने गंतव्य की और जाती एक्टिवा सवार महिलाएं। संवाद
अंबाला सिटी। नवंबर माह आधा निकलने के बाद ठंड बढ़ रही है। रात का तापमान लुढ़कर 10.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। रात के साथ ही अब दिन में भी ठंड बढ़ने लगी है। शाम 5 बजे से ही मौसम ठंडा हो रहा है। रविवार शाम को भी मौसम ठंडा हो गया। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
रविवार को अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने के आसार हैं। जिससे सुबह व शाम को हल्की ठंड रह सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी पर रात के तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने के आसार हैं।