अंबाला छावनी स्थित नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट अंबाला सदर। संवाद
अंबाला। छावनी में गांधी मैदान के साथ नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट तैयार हो गई है, लेकिन अब इसके खरीदार नहीं मिल रहे हैं। निविदा जारी करने के बाद प्रसिद्ध खानपान संचालक यहां दुकान लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं जबकि छोटे दुकानदार आवेदन कर रहे हैं, इनमें स्थानीय कारोबारियों के अलावा यमुनानगर और सहारनपुर सहित चंडीगढ़ के दुकानदारों ने नगर परिषद से संपर्क साधा है ताकि वो अपने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद छावनी के निवासियों को उपलब्ध करवा सकें।
चार करोड़ की लागत से हुई तैयार
नाइट फूड स्ट्रीट का निर्माण लगभग चार करोड़ की लागत से किया गया है। वातानुकूलित इस मार्केट में लोगों के बैठने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा बच्चों के खेल-खिलौनों के लिए भी बेस तैयार किया गया है, वहीं मार्केट में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन की तैयारी
नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट के उद्घाटन के लिए भी नगर परिषद ने तैयारी शुरू कर दी है, ताकि दुकानों को अलॉट करने के बाद यहां उद्घाटन के अवसर पर ही लोगों को स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जा सकें, वहीं नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट के अधूरे पड़े काम को भी जल्द से जल्द पूरा किया जा रहा है ताकि सुरक्षा के साथ लोगों को यहां सुविधा भी मिल सके।
नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट के लिए आवेदन मांगे गए हैं, अभी कोई नामी कंपनी नहीं आई है, हालांकि कुछ कारोबारियों ने संपर्क किया है जोकि खाद्य पदार्थों में अच्छा काम कर रहे हैं, उम्मीद है कि जल्द ही दुकानों को बोली पर देने की प्रक्रिया शुरु कर दी जाएगी।
- देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद सदर, अंबाला।