फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: आज से लागू होंगे नए कलेक्टर रेट, आपत्तियों के लिए मिला सिर्फ 9 घंटे का समय

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। वर्ष 2025-26 के लिए शुक्रवार से नए कलेक्टर रेट लागू कर दिए जाएंगे। इस बार आपत्तियों के लिए लोगों को सिर्फ एक दिन का समय मिला। सुबह विभाग ने नए प्रस्तावित कलेक्टर रेटों को सार्वजनिक किया, जिसमें शाम पांच बजे तक जिला राजस्व विभाग और ऑनलाइन आपत्तियों को मांगा गया। इतने कम समय में सिर्फ दो ही आपत्तियां आ सकीं। ऐसे में उनका समाधान भी कर दिया गया। अब शुक्रवार से तहसीलों में नए कलेक्टर रेटों के हिसाब से रजिस्ट्री आदि कार्य किए जाएंगे। हालांकि नए कलेक्टर रेटों में जल्दबाजी को लेकर सरकार पर सवाल उठने लगे हैं, इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने इसको लेकर बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने इन कलेक्टर रेटों पर आपत्तियों के लिए दिए गए समय पर सवाल खड़े किए हैं।
विज्ञापन





रेटों में वृद्धि न करने की रखी मांग

इनेलो नेता ओंकार सिंह ने वर्ष 2025-2026 के लिए अंबाला छावनी के कलेक्टर रेट में वृद्धि न करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिना आपत्तियां दर्ज किए और मंदी को देखते हुए कलेक्टर रेट न बढ़ाए जाएं। आज भी कई क्षेत्रों में जमीन के रेट कम और कलेक्टर रेट अधिक हैं। उन्होंने कहा की परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष कलेक्टर रेट बढ़ने से पहले आम जन व प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन से सुझाव मांगे जाते हैं और उन सुझावों के अनुरूप ही क्षेत्र की कॉलोनियों के कलेक्टर रेट बढ़ाए या घटाए जाते हैं। अभी तक प्रशासन द्वारा इस संबंध में कोई सुझाव नहीं मांगे गए लेकिन एक अगस्त से कलेक्टर बढ़ाने की बात की जा रही है जो कि सरासर गलत है। कॉलोनियों व कृषि भूमि के कलेक्टर रेट भी पहले से ही काफी अधिक हैं। इसलिए अभी इनमें वृद्धि करनी उचित नहीं है, वैसे भी अंबाला में प्रॉपर्टी के कार्य में काफी मंदा है। सरकार को कलेक्टर रेट बढ़ाने की बजाय अवैध कॉलोनी के नाम पर बंद पड़ी रजिस्ट्रियों को खोलने की बात करनी चाहिए ताकि जनता को राहत मिल सके।




नारायणगढ़ में इन स्थानों पर बढ़े कलेक्टर रेट

नारायणगढ़ में अधिकांश क्षेत्रों में कलेक्टर रेटों में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। कुछ ही क्षेत्र ऐसे हैं जहां 30 से 50 प्रतिशत कलेक्टर रेट बढ़ाए गए हैं, इनमें काठे माजरा में कृषि भूमि की चाही श्रेणी पर 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। यहां पिछले वर्ष 2750000 रुपये प्रति एकड़ रेट थे जो अब एक अगस्त से 3575000 रुपये प्रति एकड़ हो जाएंगे। खेड़की जटा कृषि चाही भूमि पर 50 प्रतिशत कलेक्टर रेट बढ़े हैं। यहां पिछले वर्ष 2750000 रुपये प्रति एकड़ रेट थे जोकि बढ़कर अब 4125000 रुपये प्रति एकड़ हो जाएंगे। इसी प्रकार हुडा कॉलोनी में आवासीय व व्यवसायिक भूमि के कलेक्टर रेट में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। यहां आवासीय में पिछले वर्ष 15000 रुपये प्रति वर्ग गज रेट थे जो कि अब बढ़कर 22500 रुपये प्रति गज हो जाएंगे। इसी प्रकार यहां व्यावसायिक में 18000 रुपये से बढ़कर 27000 रुपये प्रति वर्ग गज रेट हो जाएंगे। नारायणगढ़ में व्यवसायिक भूमि पर भी 40 प्रतिशत तक कलेक्टर रेट बढ़ाए गए हैं। यहां 12000 रुपये से बढ़ाकर 16800 रुपये प्रति वर्ग गज रेट किए जा रहे हैं। वहीं इस क्षेत्र में आवासीय क्षेत्र में 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। सुभाष चौक से लोटों चुंगी रोड पर व्यवसायिक क्षेत्र में 30 प्रतिशत कलेक्टर रेट बढ़ाए हैं। यहां पहले 11000 रुपये प्रति वर्ग गज के रेट थे अब 14300 रुपये वर्ग गज के रेट होंगे। इसी प्रकार नोगावा, पंजलासा, बनौंदी, बरोली में 50 प्रतिशत कलेक्टर रेट बढ़ाए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें