अंबाला। छावनी में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की निर्माणाधीन शाखा को अगले 18 महीनों में तैयार किया जाएगा। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा द्वारा एक पत्र उन्हें भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि पत्र के माध्यम से बताया गया है कि एनसीडीसी के निर्माण को पूरा करने के लिए संबंधित केंद्रीय एजेंसी सीपीडब्ल्यूडी को निर्देश दे दिए गए हैं कि इस शाखा का निर्माण 18 महीनों में पूरा कर दिया जाए। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सीपीडब्ल्यूडी को गत दिनों 1.39 करोड़ रुपये राशि की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। गौरतलब है कि लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से छावनी में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की शाखा को बनाया जा रहा है।
विज ने बताया कि नग्गल में बनाई जा रही एनसीडीसी शाखा में जहां विभिन्न रोगों से संबंधित टेस्ट की सुविधा होगी, वहीं बीमारी से संबंधित अनुसंधान का कार्य भी किया जाएगा और अनुसंधान होने से देश-प्रदेश सहित व विश्व के लोगों को फायदा होगा। इस शाखा को लगभग चार एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित किया जा रहा है। शाखा के खुलने से हरियाणा सहित आसपास के सात राज्यों दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू, पंजाब, राजस्थान इत्यादि के लोगों को विभिन्न बीमारियों से संबंधित टेस्ट करवाने में सुविधा मिलेगी।