अंबाला। सपेहड़ा से गुजरने वाले शामली एक्सप्रेस-वे व रिंग रोड के लिए अधिगृहीत जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों के विरोध में किसान उतर आए हैं। शनिवार सुबह किसानों ने कब्जा देने से साफ इंकार कर दिया।
किसान नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक सभी किसानों को मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक किसान अपनी जमीन पर कब्जा नहीं देंगे। ऐसे में करीब तीन घंटे से किसानों और एनएचएआई के कर्मचारियों के बीच बातचीत चल रही है और वह देख गया कि आखिर किस किसान को मुआवजा मिला है या फिर नहीं। आखिर में एनएचएआई के टेक्निकल इंजीनियर सहित अन्य 22 मई तक रुके मुआवजे को लौटाने की बात कहते हुए लौट गए। हालांकि बाद में कानूनगो भी पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया।
करीब 40 एकड़ ली जमीन
भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ग्रुप के ब्लॉक टू के प्रधान बलजिंद्र ने कहा कि किसान की बात सुनी जाए और समस्या सुनी जाए। गांव में जब तक हर किसान का बकाया नहीं दिया जाता, तब तक कब्जा नहीं देंगे और किसी भी हालत में नहीं देंगे। यहां से किसान डीआरओ कार्यालय जाते हैं तो वहां पर बोला जाता है कि कब्जा न दो। किसान के साथ क्या खिलवाड़ किया जा रहा है। इधर, सीजन का टाइम है और अब किसानों को उजाड़ दिया है। जल्द से जल्द हर किसान का बकाया पैसा दिया जाए और बार-बार परेशान न किया जाए। किसान नेता महासचिव संगठन राम सिंह, पूर्व सरपंच भाग सिंह, नए सरपंच निर्मल सिंह, पूर्व सरपंच गुरदेव सिंह, राजिंद्र सिंह ने कहा कि आज ही बकाया पैसे दिया जाए तो वो आज ही कब्जा देने के लिए तैयार है। बताया जाता है कि सपेहड़ा में दोनों मुख्य प्रोजेक्ट को लेकर करीब 40 एकड़ जमीन इक्वायर की गई है।