सचखंड श्री हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सचखंड श्री हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए नांदेड़ से अमृतसर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 12715 में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। यह फैसला ट्रेन में लगातार बढ़ रही प्रतीक्षा सूची को देखते हुए लिया गया है, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
यह अतिरिक्त सुविधा दो दिवसीय आकलन के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार यह अस्थायी कोच जोड़ा जा रहा है। यात्रियों को आगामी 11 नवंबर को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके बाद 18 नवंबर को भी यह अतिरिक्त कोच उपलब्ध रहेगा। इस विशेष व्यवस्था से उन श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। जो लंबी प्रतीक्षा सूची के कारण अपनी यात्रा को लेकर असमंजस में थे। उत्तर रेलवे के अनुरोध पर इस कोच को वापसी के दौरान भी उपयोग किया जाएगा। इसे पेयरिंग ट्रेन संख्या 12716 में समायोजित किया जाएगा।
सुविधा की तिथियां
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर गाड़ी संख्या 12715 नांदेड़-अमृतसर में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच अस्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। यह सुविधा यात्रियों को आगामी 11 नवंबर को यात्रा करने पर मिलेगी। यह व्यवस्था उन श्रद्धालुओं के लिए है जो लंबी प्रतीक्षा सूची के कारण यात्रा नहीं कर पा रहे थे।
सचखंड एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगने से यात्रियों सहित हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। यह ट्रेन श्रद्धालुओं की सबसे पसंदीदा ट्रेन है और इसमें हमेशा वेटिंग की सूची लंबी रहती है।
- यशनजीत सिंह, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल