नारायणगढ़ में नमो क्रिकेट लीड के उद्घाटन के मौके पर खिलाड़ी व पदाधिकारी। प्रवक्ता
नारायणगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को एसडी मैहता स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नमो क्रिकेट लीग का रंगारंग शुभारंभ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष मंदीप राणा और जिला महामंत्री विवेक गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर मशहूर यू-ट्यूबर अरमान मलिक भी विशेष रूप से पहुंचे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
उद्घाटन के दौरान जिलाध्यक्ष मंदीप राणा और अरमान मलिक ने मैदान में खुद गेंदबाजी और बल्लेबाजी कर सभी को रोमांचित कर दिया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय लिया। युवाओं को प्रेरित करते हुए मंदीप राणा व अरमान मलिक ने कहा कि खेल अनुशासित और स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखाते हैं। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा और खेलों में लगानी चाहिए। आयोजन समिति के संयोजक अंशुल वालिया और राजीव मैहता ने बताया कि 24 सितंबर तक चलने वाली इस लीग में क्षेत्र की लगभग 80 टीमें हिस्सा ले रही हैं।