बराड़ा। क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। बुधवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में एसडीएम सतींद्र सिवाच ने नगर पालिका अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सफाई और कूड़ा उठान में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जमीनी हकीकत जांचने के लिए उन्होंने नायब तहसीलदार आलमगीर को पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।
एसडीएम ने सभी कूड़ा प्वाइंट्स से नियमित कचरा उठाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्य बाजारों, गलियों, नालियों और प्रत्येक वार्ड में कर्मचारियों की प्रभावी ड्यूटी लगाने को कहा। बैठक में बेसहारा पशुओं के पुनर्वास, अवैध कॉलोनियों में निर्माण पर रोक और विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।