हाउस की बैठक को लेकर चल रहा विवाद लंबे समय बाद बैठक होने के साथ खत्म हो गया। मंगलवार को नगरपालिका हाउस की बैठक संपन्न हुई। चेयरमैन श्रवण कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, रूद्राक्ष पार्क सहित सभी पार्कों, स्ट्रीट लाइट के रखरखाव सहित कई कार्यों की स्वीकृति हुईं। इसी कारण नगरवासियों के साथ-साथ पार्षदों ने भी राहत की सांस ली।
पिछले काफी समय से बैठक न होने के चलते कई कार्य ठप पड़े थे। चेयरमैन ने बताया कि बैठक में धारा 35 के तहत स्वीकृत किए गए सभी कार्यों की पुष्टि की गई। इसके अतिरिक्त आहलुवालिया रूद्राक्ष पार्क के एक वर्ष के रखरखाव हेतु 12 लाख 60 हजार रुपये, हुडा सेक्टर के 4 पार्कों के रखरखाव हेतु 7 लाख 90 हजार रुपये का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अतिरिक्त एजेंडे में रखे सभी कार्यों की भी पुष्टि की गई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पहले जो कॉलोनियां नियमित की गई थी। उसके साथ की कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। इनके खसरा नंबर नियमित नहीं हैं। इस खसरा नंबर को नियमित कराने के लिए सरकार को केस भेजे जाएंगे। नगरपालिका चेयरमैन श्रवण कुमार ने बताया कि बैठक में सचिव गुलशन कुमार सहित मनिका अग्रवाल उपप्रधान, पार्षद वीना चानना, पार्षद सुधा, पार्षद रति राम, पार्षद प्रवीन कुमार, पार्षद जयप्रकाश, पार्षद मंजू बाला, पार्षद राखी देवी, पार्षद एवं पूर्व चेयरमैन जगदीप कौर, पार्षद भीम सेन, पार्षद परविंद्र कौर, पार्षद सुरेश कुमार, पार्षद नीलम, पार्षद प्रीतपाल कौर, मनोनीत पार्षद जय प्रकाश जोशी सहित 16 पार्षद उपस्थित रहे।