मुलाना। श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को धीन गांव स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की पावन हजूरी में नगर कीर्तन निकाला गया। जो बोले सो निहाल के जयकारों से आरंभ हुआ यह नगर कीर्तन पांच प्यारों की अगुवाई में गांव के मुख्य मार्गों से होता हुआ पुनः गुरुद्वारा प्रांगण में संपन्न हुआ। सरपंच सतविंद्र सिंह सहित ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और चाय, दूध, ब्रेड व फलों का लंगर लगाया। गुरुद्वारा प्रधान जोगा सिंह ने बताया कि हर वर्ष संगत के सहयोग से यह आयोजन होता है। संवाद
नगर कीर्तन का किया स्वागत
अंबाला। श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब से नगर कीर्तन निकाला गया, जो छावनी के प्रमुख बाजारों से होता हुआ राय मार्केट पहुंचा। इस दौरान पूर्व प्रत्याशी चित्रा सरवारा ने नगर कीर्तन में शिरकत कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने पांच प्यारों को सिरोपा भेंट कर और फूल-मालाओं से उनका स्वागत व सम्मान किया। संवाद