राममूर्ति हत्याकांड : हत्या में संलिप्त तीनों आरोपी काबू, महिला को जेल भेजने के आदेश
फोटो संख्या- 37
राममूर्ति हत्याकांड :-
हत्या में संलिप्त तीनों आरोपी काबू, महिला को जेल भेजने के आदेश
- मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ
- आरोपियों दुकान में घुसकर पीट-पीटकर राममूर्ति को उतारा था मौत के घाट
- मामूली विवाद को लेकर आरोपियों ने बुजुर्ग का किया था बेरहमी से कत्ल
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। कच्चा बाजार के राममूर्ति की हत्या में नामजद तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को अदालत ने जेल भेजने के आदेश दे दिए हैं जबकि मुख्य आरोपियों से पुलिस अभी पूछताछ कर रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी आरोपियों के कब्जे से बरामद किए जाएंगे। हत्या के बाद से तीनों आरोपी फरार हो गए थे। हालांकि पुलिस ने देर रात ही मुख्य आरोपी की मां रानी को हिरासत में ले लिया था। उधर, पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को राममूर्ति का शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। चिकित्सकों ने जांच के लिए बिसरा मधुबन भेजा है। कच्चा बाजार के रहने वाले अरूण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पिता 64 वर्षीय राममूर्ति की मामूली विवाद में दो लड़के व एक महिला ने पीट पीटकर हत्या कर दी थी। मारपीट के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। नागरिक अस्पताल में राममूर्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
हत्या के कुछ घंटे बाद ही मुख्य आरोपी अरूण कुमार की मां रानी पुलिस के हत्थे चढ़ गई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया। पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी अरूण कुमार व उसके दोस्त रवि कुमार को भी काबू कर लिया। अब आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
----------------
इस मामले में नामजद तीनों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। एक आरोपी को अदालत जेल भेज चुकी है। बचे दो आरोपियों से अभी पूछताछ चल रही है। मुख्य आरोपी अरूण का लंबा क्रिमिनल रिकार्ड नहीं है। हत्या के एक आरोपी को घर में रखने की वजह से पुलिस ने एक मामले में उसे हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त किए जाएंगे।
सुरेश कुमार, प्रभारी, पुलिस चौकी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी