संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सफाई कार्य को ठेके पर देने की प्रक्रिया के खिलाफ नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के राज्य उप प्रधान एवं अंबाला कैंट इकाई अध्यक्ष सेवा राम बोहत ने टेंडर प्रक्रिया को कर्मचारी विरोधी बताते हुए इसे तुरंत रद्द करने की मांग की है।
बोहत ने कहा कि स्थायी प्रकृति के कार्यों के लिए पक्की भर्ती की जानी चाहिए, लेकिन सरकार और निगम प्रशासन ठेका प्रथा को बढ़ावा देकर कर्मचारियों का शोषण करना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रक्रिया को वापस नहीं लिया गया, तो चल रहा आंदोलन पूरे जिले में फैलाया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से ईमानदारी से सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में उनकी नौकरी सुरक्षित करने के बजाय निजीकरण थोपना गलत है। संवाद