अंबाला सिटी। नगर निगम चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में ईवीएम मशीनों और पोलिंग पार्टियों की रेंडमाइजेशन प्रक्रिया संपन्न हुई। अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर और अतिरिक्त उपायुक्त विराट की अध्यक्षता में यह कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि निगम चुनाव के लिए कुल 191 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार एनआईसी के सॉफ्टवेयर के माध्यम से पोलिंग पार्टियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन और ईवीएम का वार्ड अनुसार आवंटन किया गया। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और मौके पर मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को हस्ताक्षर युक्त प्रतियां भी सौंपी गईं। उन्होंने बताया कि अब ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग की जाएगी, इसका अवलोकन उम्मीदवार या उनके अधिकृत प्रतिनिधि कर सकेंगे। इस अवसर पर एसडीएम दर्शन कुमार और चुनाव तहसीलदार गुलशन शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।