अंबाला सिटी। हरियाणा स्टेट हेल्थ रिसोर्स सेंटर ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत कायाकल्प-2024-25 का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें अंबाला सिटी सिविल अस्पताल और सीएचसी मुलाना का परिणाम सबसे बेहतर रहा।
बेस्ट इको फ्रेंडली अवार्ड में सीएचसी मुलाना को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ। यह पुरस्कार मिलने का प्रमुख कारण सीएचसी पर विद्युत की उपलब्धता 24 घंटे रखने के लिए सोलर पैनल लगाने, सौर ऊर्जा से चलने वाली लाइटें लगी होना शामिल है। इसके साथ ही यहां बारिश के पानी का संचयन किया जाता है और इस पानी को साफ कर के इस्तेमाल भी कर रहे हैं। वहीं परिसर को हरियालीयुक्त बनाया है।
पीएचसी को जिले में प्रथम स्थान के लिए दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल, छावनी नागरिक अस्पताल को, सीएचसी चौड़मस्तपुर, एसडीएच नारायणगढ़, सीएचसी मुलाना को, सीएचसी बराड़ा को प्रशस्ति पुरस्कार मिला है। जिले के एक सिविल अस्पताल, दो एसडीएच, तीन सीएचसी, 11 पीएचसी व 47 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को मिलाकर 41 लाख 85 हजार रुपए के अवार्ड मिलेंगे।
कायाकल्प योजना में इलाज सुविधाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टाफ, मरीज की संख्या के आधार पर रेटिंग तय की जाती है। इसके अलावा वेंटीलेटर, प्रति बेड डॉक्टर, नर्स की संख्या, ओटी इक्यूपमेंट, एयर फिल्टर, संक्रमण से बचाव, मरीज को कितने समय में इलाज मिला यह भी देखा जाता है। इन सबसे में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अस्पतालों को अवार्ड दिए जाते हैं।
मुलाना सीएचसी को मिलेंगे पांच लाख
अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल को तीन लाख, सीएचसी मुलाना को इको फ्रेंडली अवार्ड के तहत पांच लाख, नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी, सीएचसी चौड़मस्तपुर, नारायणगढ़ अस्पताल, सीएचसी मुलाना, बराड़ा व शहजादपुर, को 1-1 लाख, पीएचसी बोह को दो लाख तो वहीं साहा, बिहटा, पथरेहड़ी, समलेहरी, धनाना, ठरवा माजरा, केसरी, नूरपुर, नोहानी, पंजोखरा पीएचसी को 50-50 हजार, आयुष्मान आरोग्य मंदिर - एससी सरदेहड़ी को 1 लाख, जोधपुर को 50 हजार, गरनाला को 35 हजार व अन्य 37 आयुष्मान आरोग्य मंदिर -सब सेंटरों को 25-25 हजार रुपए और बी-कैटेगरी में सात आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सब सेंटर को भी 25-25 हजार रुपए मिलेंगे।
वर्जन
कायाकल्प में मुलाना ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके अलावा जिले के जो केंद्र पिछड़ गए हैं। उनमें भी जल्द ही सुधार किया जाएगा। इसके लिए विभाग भी अपनी योजना बना रहा है।
-डॉ. राकेश सहल, सीएमओ अंबाला।