अंबाला सिटी। पहले नवरात्र पर विभिन्न मंदिरों में मां के भक्तों ने श्रद्धा पूर्वक पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हुए मां के दरबार में नतमस्तक होते हुए मन्नतें मांगी। वहीं सुबह करीब पांच बजे से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें दिखाई दी। इस दौरान भक्तजन मंदिर परिसर में मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। सिटी के श्री मां महाकाली दुख भंजनी मंदिर, माता अंबिका देवी मंदिर, सेक्टर दस स्थित मां वैष्णो माता मंदिर, सेक्टर नौ श्री महादेव मंदिर व सत्संग भवन, सेक्टर सात श्री महादेव नीलकंठ मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।
इस दौरान मां अंबिका मंदिर के पुजारी राजू शास्त्री ने बताया कि मां दुर्गा के स्वरूप को सुंदर वस्त्रों व आभूषणों से सजाया गया है। सेक्टर नौ के श्री महादेव मंदिर व सत्संग भवन के प्रधान भारत भूषण अग्रवाल ने बताया कि सत्संग भवन में करन एंड पार्टी की ओर से संगीतमयी मां की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। इसी प्रकार सिटी के सेक्टर सात श्री महादेव नीलकंठ मंदिर के पुजारी भगवती प्रसाद ने बताया कि सुबह शाम भक्तों का मंदिर में आना जाना लगा हुआ है। एसए जैन कॉलेज रोड स्थित श्री मां महाकाली दुख भंजनी मंदिर पुजारी आचार्य पंकज शास्त्री ने बताया कि शाम करीब छह बजे माता की विशेष आरती में भाग लेने के लिए भक्तजन दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंच रहे हैं।
हिन्दू पर्व में चैत्र नवरात्र को अहम माना गया है। श्री शैलपुत्री, श्री ब्रह्मचारिणी, श्री चन्द्रघंटा, श्री कूष्मांडा, श्री स्कंदमाता, श्री कात्यायनी, श्री कालरात्रि, श्री महागौरी, श्री सिद्धिदात्री ये नौ देवियां हैं। चैत्र नवरात्र में दुर्गा की घटस्थापना या कलश स्थापना के बाद देवी मां की चौकी स्थापित की जाती है। तत्पश्चात नौ दिनों सभी देवियों का पूजन-अर्चना करते हुए श्रद्धा पूर्वक अराधना करने से मनोकामनाएं संपूर्ण होती हैं।
-कन्हैया लाल, ज्योतिषी, सेक्टर-9 अंबाला सिटी।
जो जीव श्रद्धा पूर्वक मां के सभी व्रत का अनुशरण करता है तो मां उसके सभी दुख संकटों का निवारण करती हैं। इसलिए नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। शास्त्रों के अनुसार इन नौ दिनों की नवरात्र को बेहद शुभ माना जा रहा है। इस वर्ष माता के नवरात्र बहुत प्रभावशाली माने जा रहे हैं। सभी भक्तों की मनोकामनाएं संपूर्ण होंगी। वहीं विशेष फल की प्राप्ति भी अवश्य होगी।
-पंडित रोहित शास्त्री, बागशाही बाग गुरुद्वारा कॉलोनी अंबाला सिटी।