मुलाना के उगाला गांव स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करते भक्त। संवाद
मुलाना। उगाला गांव स्थित प्राचीन मां शाकुंभरी देवी मंदिर में महामाई शाकुंभरी देवी का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से भक्तों की भीड़ लगी रही। विधिवत पूजा, हवन, कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मां के दरबार को सब्जियों से सजाया गया था।
मंदिर के पुजारी पंडित देसराज ने बताया कि कथा के अनुसार जब पृथ्वी पर भयंकर अकाल पड़ा था और अन्न-जल का संकट छा गया था, तब महामाई शाकुंभरी देवी ने अपनी कृपा से साग, शाक, फल और वनस्पतियां उत्पन्न कर समस्त जीव-जगत की रक्षा की। इस कारण मां को अन्नपूर्णा स्वरूप माना जाता है और उन्हें शाकुंभरी देवी के नाम से पूजा जाता है।
मां शाकुंभरी देवी का जन्मदिवस मनाने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि, अन्न-धन की वृद्धि और रोग-शोक से मुक्ति मिलती है। इस अवसर पर माता का भव्य श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं ने नारियल, साग व सब्जियों अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर मन्नतें मांगीं। कार्यक्रम के अंत में कन्या पूजन एवं प्रसाद वितरण किया गया। ग्रामीणों व श्रद्धालुओं ने मां से क्षेत्र में शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति व ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।