साहा। अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित मिट्ठापुर समलेहड़ी मोड पर वीरवार दोपहर करीब चार बजे एक तेज रफ्तार ट्राले ने एक्टिवा व बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि एक्टिवा सवार महिला व उसकी बेटी की कुचले जाने पर मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक महिला की पहचान काकरू गांव निवासी कुसुम व उसकी बेटी 19 वर्षीय चारु शर्मा के रूप में हुई है। सूचना पाकर पुलिस ने ट्राले को अपने कब्जे में ले लिया है और दोनों के शव को छावनी नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम होगा।
बताया जाता है कि चारु अपनी मां कुसुम को लेकर एक्टिवा पर एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के बाद पैलेस में गई थी। वापस लौटते समय वह पतरेहड़ी मोड़ पर पहुंची तो अचानक तेज रफ्तार ट्राले ने मोड़ काटते हुए एक्टिवा और बाइक को चपेट में ले लिया था।
बताया जाता है कि मृतक महिला के एक छोटी बेटी मीनाक्षी भी है जबकि मृत 19 वर्षीय चारु अंबाला सिटी के पॉलिटेक्निक में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन छोड़कर भाग गया।