- जोहड़ की खोदाई के दौरान पाइपलाइन लीकेज की आशंका, स्वास्थ्य विभाग आज लगाएगा जांच शिविर
आज लगाया जाएगा शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। उगाला गांव के पंजाबी मोहल्ला में एक सप्ताह के भीतर 16 से अधिक बच्चे पीलिया की चपेट में आ चुके हैं और एक की हालत गंभीर है। इस इलाके में तंदवाली रोड स्थित ट्यूबवेल से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी रोड पर करीब 10 दिन से एक जोहड़ की खोदाई का काम चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि खोदाई के दौरान किसी पाइप लाइन में लीकेज या अन्य कारण से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही हो और इसी कारण पीलिया के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
बराड़ा के एएसएमओ डॉ. बीरबल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वह उगाला पहुंचे। जहां पंजाबी मोहल्ला में 16 बच्चों में पीलिया के लक्षण पाए गए हैं। ग्रामीण केशव बतरा ने बताया कि उनके पड़ोसी 17 वर्षीय सहजमीत की हालत गंभीर बनी हुई है। पहले उसे शाहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन सुधार न होने पर उसे आदेश अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसे आईसीयू में रखा गया है। इसके अलावा अन्य कई बच्चे भी निजी अस्पतालों व चिकित्सालयों में उपचाराधीन हैं।
इन बच्चों में पाए गए हैं पीलिया के लक्षण
स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में मोहल्ले के कई बच्चों में पीलिया के लक्षण मिले हैं। इनमें सहजमीत (17 वर्ष), मंसिरत (14 वर्ष), प्रभदीप (8 वर्ष), मोक्ष (15 वर्ष), माणिक (10 वर्ष), विहान (6 वर्ष), गर्वित (10 वर्ष), कन्हैया (16 वर्ष), मिलन सहित अन्य कई बच्चे शामिल हैं।
पानी की जांच की मांग
उगाला के समाजसेवी राकेश भल्ला व बृजेश शर्मा का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने मांग की है कि पानी की सप्लाई की तुरंत जांच करवाई जाए। पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त किया जाए तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजकर जांच शिविर लगाया जाए। गांव में बढ़ते पीलिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डॉ. बीरबल सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मेगा हेल्थ कैंप लगाया जाएगा। इसमें लोगों के टेस्ट किए जाएंगे और उन्हें दवाइयां दी जाएंगी। नमूने लेकर अंबाला भेजे जाएंगे। जलापूर्ति एवं जनस्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर पानी की सैंपलिंग की जाएगी।
गांव में कहीं भी दूषित पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। विभाग की टीम कई दिन से गांव में जांच कर रही है। यदि कोई अवैध कनेक्शन पाया जाता है तो उसे काटा जा रहा है।
सुभाष चंद्र, एसडीओ स्वास्थ्य विभाग
वर्जन
गांव में पीलिया की स्थिति कई दिन से बनी हुई है। इसे लेकर पंचायत ने जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ बैठक की थी। इसके बाद कर्मचारी गांव में लीकेज ठीक करने और पाइप लाइन से संबंधित अन्य समस्या को ठीक करने में लगे हैं।
शेर सिंह राणा, सरपंच प्रतिनिधि उगाला