अंबाला। डुलियानी गांव निवासी व्यक्ति से फार्च्यूनर गाड़ी खरीदकर ले जाने के बाद पैसे नहीं लौटाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पैसे नहीं मिलने की शिकायत एसपी अंबाला से लगाई। बताया कि आरोपी इकरारनामे के बाद उसकी गाड़ी ले गए थे। बाद में पैसे ही नहीं दिए और न ही गाड़ी। मुलाना पुलिस ने आरोपी के बलबीर सिंह और चरणजीत पर केस दर्ज कर लिया।
डुलियानी गांव निवासी करनैल सिंह ने बताया कि उसके पास 2012 मॉडल फॉर्च्यूनर गाड़ी थी। उसने प्रति माह 27500 रुपये किस्त की दर से खरीदी थी। अप्रैल 2023 में यमुनानगर के छप्पर गांव निवासी बलबीर सिंह अपने गांव के चरणजीत सिंह उर्फ नीटू को उसके घर लेकर आया। कहा कि फॉर्च्यूनर गाड़ी खरीदना चाहते हैं। इस दौरान लोन की बकाया 5.50 लाख रुपये राशि एकमुश्त बैंक में जमा कराने और एक लाख 50 हजार रुपये गाड़ी मालिक के खाते में ट्रांसफर कराने का समझौता हुआ।
आरोपियों ने न तो रकम बैंक में जमा कराई और न ही उसके खाते में डाले। जबकि इकरारनामा लिखने के बाद उसी दिन गाड़ी अपने साथ ले गए थे। रकम की जिम्मेदारी चरण जीत सिंह ने उठाई थी। ऐसे में जब गाड़ी वापस मांगी तो जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने तक की धमकी दी है।