साहा। इंडस्ट्रियल एरिया में तीन बदमाशों ने बुधवार सुबह बाल कटवाने जा रहे एक नेपाली मूल के युवक से डंडों के बल पर मोबाइल छीन लिया। आरोपियों ने युवक को डरा-धमकाकर फोन का लॉक भी खुलवाया और भाग निकले। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नेपाल के कंचनपुर निवासी चंद्रदेव जोशी उर्फ रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में साहा इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर-3 में रह रहा है। बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे वह घर से बाल कटवाने के लिए साहा मार्केट जा रहा था। जब वह ढकौला गांव के पास पहुंचा, तो रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने डंडे दिखाकर चंद्रदेव को डराया और उनका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया, इतना ही नहीं, बदमाशों ने पीड़ित को धमकाकर फोन का पासवर्ड भी खुलवा लिया ताकि उसे आसानी से इस्तेमाल कर सकें। संवाद