नारायणगढ़। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को अनाज मंडी नारायणगढ़ में समारोह का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम शिवजीत भारती ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर 22 जनवरी को अनाज मंडी में रिहर्सल आयोजित की जाएगी, 23 जनवरी को फाइनल रिहर्सल संपन्न होगी। समारोह के दौरान पुलिस और विभिन्न स्कूलों की एनसीसी टुकड़ियों की ओर से परेड एवं मार्च पास्ट किया जाएगा। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। एसडीएम शिवजीत भारती ने बताया कि समारोह में उपमंडल स्तर के विभिन्न विभागों के ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य किया हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से कहा है कि प्रशंसा पत्र के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम 20 जनवरी तक एसडीएम कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। संवाद