अंबाला में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक महिला फार्मासिस्ट ने शहर के विधायक के जाली हस्ताक्षर कर तबादला करवा लिया।
बलदेव नगर पुलिस ने विधायक के निजी सचिव की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान पीएचसी माजरी में तैनात सीमा कालड़ा के रूप में हुई है।
इस मामले को लेकर शहर विधायक विनोद शर्मा भी हैरान हैं। बलदेव नगर पुलिस ने सीमा कालड़ा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में विधायक के निजी सचिव नरेश सहगल ने कहा कि उनके पास कुछ दिन पूर्व सीमा कालड़ा आई थी।
उसने नरेश सहगल को एक तबादला लेटर और एक तबादला रद करने के विधायक के हस्ताक्षर युक्त लेटर की फोटोकॉपी दिखाई थी। नरेश सहगल ने बताया कि जब उन्हें इन दोनों लैटरों पर शक हुआ तो उन्होंने इसे चंडीगढ़ विधायक निवास पर भेज दिया। वहां पता चला कि इस महिला के तबादला लैटर पर विधायक ने हस्ताक्षर किए ही नहीं थे।
इसके बाद मामले की तह तक जाने के लिए विभाग में दिए गए तबादला लेटर की भी फोटो कापी निकलवाई गई, जिसमें खुलासा हुआ कि लेटर पर हस्ताक्षर नकली थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के निर्देश दिए। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तबादला लेटर पर विधायक के जाली हस्ताक्षर कब और कहां से हुए, इस प्रकरण में फार्मासिस्ट की भूमिका कितनी है। बलदेव नगर पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए पूरी छानबीन कर रही है।