गांधी ग्राउंड का दौरा कर रैली की तैयारियों का किया निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। 1857 की पहली आजादी की लड़ाई की याद में अंबाला छावनी में बने शहीद स्मारक का उद्घाटन 5 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। कार्यक्रम की भव्यता और तैयारियों को लेकर सोमवार को हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसके बाद उन्होंने गांधी ग्राउंड का दौरा कर रैली की तैयारियों का निरीक्षण किया। बैठक में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग सहित विभिन्न विभागों के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे।
गांधी ग्राउंड में होगी विशाल जनसभा
स्मारक के लोकार्पण के बाद गृह मंत्री अमित शाह गांधी ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने उपायुक्त सचिन गुप्ता के साथ गांधी ग्राउंड का दौरा कर मुख्य मंच, सिटिंग अरेंजमेंट, मीडिया गैलरी, वीआईपी मूवमेंट, बिजली, पेयजल और पार्किंग सुविधाओं की गहन समीक्षा की। अनिल विज ने बताया कि 22 एकड़ क्षेत्र में बना यह स्मारक 1857 की क्रांति के वीर बलिदानियों और गुमनाम नायकों को समर्पित एक ऐतिहासिक पहल है।
मुख्य सचिव ने भी वीसी से की बैठक
वहीं हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अंबाला के उपायुक्त सचिन गुप्ता और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग तथा निदेशक डॉ. आदित्य दहिया भी ऑनलाइन जुड़े और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने गांधी ग्राउंड में होने वाली विशाल जनसभा और शहीद स्मारक परिसर में सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, बिजली, पेयजल तथा साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं का ब्योरा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो।