नारायणगढ़। गन्ने की बकाया पेमेंट की ओर से शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से नारायणगढ़ रेस्ट हाउस में बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में नारायणगढ़ चीनी मिल से किसानों के गन्ने की बकाया और मिल प्रबंधन की ओर से क्षेत्र के गन्ना किसानों के नाम से लिए गए कृषि ऋण को लेकर आपस में चर्चा की।
दोनों मुद्दों पर एसडीएम नारायणगढ़ के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि गन्ने की पेमेंट के बारे में एसडीएम ने पिछली बैठक में शीघ्र दिलाने का वादा किया था और 750 किसानों के ऊपर जो कृषि कर्ज है, जिसमें वह डिफाल्टर बन गए हैं, क्योंकि मिल ने किसानों के रुपये बैंक ने नहीं लौटाए हैं। इस संदर्भ में थाना शहजादपुर में एक एफआईआर नंबर 242 मिल के अधिकारियों के नाम दर्ज की गई थी, लेकिन आज तक इन अधिकारियों की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। ज्ञापन में मांग की गई कि एफआईआर में जिन अधिकारियों के नाम हैं उनको शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा भाकियू आगामी 5 जनवरी के बाद सख्त निर्णय लेगा। यह बैठक जिला प्रधान नरमैल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आज भी धरना जारी रहा।