अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के मुख्य दरवाजे पर सुरक्षा के लिए लगाया मेटल डिटेक्टर। संवाद
अंबाला। गणतंत्र दिवस से पहले अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर लगा दिया गया है। इसके अलावा सादी वर्दी में कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है। वहीं जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रूप से स्टेशन पर जांच अभियान भी चला रहे हैं जिससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
इसके अलावा स्टेशन की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है जिससे किसी भी विपरीत परिस्थिति में मौके पर तुरंत सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने पार्किंग ठेकेदारों को भी निर्देशित किया कि कोई भी पुराना वाहन खड़ा नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा कोई वाहन पिछले काफी दिनों से खड़ा है तो इसकी जानकारी तुरंत जीआरपी को दें।
इसके अलावा जीआरपी के कमांडो दस्ते को भी स्टेशन पर तैनात किया गया है। वहीं बम निरोधक दस्ते सहित डॉग स्कवायड को भी अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा संबंधी हिदायतों को लेकर जीआरपी सहित आरपीएफ कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी रोक लगा दी गई है।
संदिग्धों पर नजर
सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कुलियों और वेंडरों से भी सहयोग मांगा है जिससे संदिग्धों पर नजर रखी जा सके और अविलंब उसकी धरपकड़ की जा सके। इसके लिए भी टीम लगातार उनके संपर्क में है। वहीं सीसीटीवी रूम में भी कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है जिससे प्रत्येक प्वाइंट पर नजर रखी जा सके।
यात्रियों को किया जा रहा सचेत
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को भी सचेत करने के लिए लगातार उद्धोषणा प्रणाली का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्हें प्रेरित किया जा रहा है कि स्टेशन पर अगर उनके पास कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस सामान नजर आता है तो तुरंत इसकी जानकारी सुरक्षा कर्मी सहित रेलवे को दें जिससे कोई घटना न हो जाए। इसके अलावा ट्रेनों में भी सादी वर्दी में सुरक्षा दस्ते की तैनाती की गई है जो यात्रियों को अज्ञात लोगों से खानपान की वस्तु न लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।