पुलिस उप महानिरीक्षक मोहित चावला ने कहा- केवल अंकों की दौड़ में शामिल न हों छात्र, वास्तविक शिक्षा ग्रहण करें
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। श्री अरुट महाराज जी की पावन वाटिका में 13वें मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। पंजाबी बिरादरी विकास सभा हरियाणा और राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ ने मिलकर यह कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें हिमाचल से पुलिस उप महानिरीक्षक मोहित चावला ने मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को शिक्षा के साथ संस्कार और समाजसेवा का महत्व समझाया।
चावला ने छात्रों से कहा कि वे केवल अंकों की दौड़ में शामिल न हों। उन्हें वास्तविक शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि जब हम समाज को अच्छाइयां देते हैं, तो वही लौटकर हमारे पास वापस आती हैं। चावला ने यह भी बताया कि शिक्षा के सफर में विद्यार्थी अकेला नहीं होता। इसमें उसके शिक्षकों और अभिभावकों की कड़ी मेहनत भी छिपी होती है। उन्होंने छात्रों को समाजसेवा के लिए भी प्रेरित किया।
शिक्षा कभी खाली नहीं होने देती : सचदेवा
राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संदीप सचदेवा ने कहा कि शिक्षा का भंडार ऐसा अक्षय पात्र है जो कभी खाली नहीं होता। यह परछाई की तरह हर मुश्किल में साथ रहती है और सही-गलत का फर्क करना सिखाती है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि 13 वर्षों से पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने और वर्तमान को मजबूत करने का यह प्रयास सराहनीय है।
680 छात्रों ने की भागीदारी
कार्यक्रम संयोजक आशु कक्कड़ और कार्यकारी प्रधान डॉ. राजीव सपरा ने बताया कि इस वर्ष समारोह में लगभग 680 छात्रों ने हिस्सा लिया। सीबीएसई, हरियाणा बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड की विभिन्न श्रेणियों में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को 2100-2100 रुपये नकद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अनमोल नरूला की सफलता विशेष आकर्षण रही, जिन्होंने तमाम बाधाओं को पार कर जिला अंबाला में दसवीं कक्षा में सीबीएसई बोर्ड में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए। वहीं मनमीत और लक्ष्मी रानी को भी उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।