अंबाला कैंट। भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। दिन-प्रतिदिन सूरज की तपिश बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को अंबाला में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन भर लू चली जिस कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। अंबाला में शुक्रवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया है। भीषण गर्मी से कामकाज वाले लोग ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
पांच साल में दूसरी बार जून सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार पिछले पांच साल में जून में शुक्रवार (6 जून) दूसरा सबसे गर्म दिन रहा है। इससे पहले जून 2012 में सबसे अधिक तापमान रहा था। जून 2010 में 43.5, जून 2011 में 39.5, जून 2012 में 45.9, जून 2013 में 44.2 तथा 6 जून 2014 में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया है।
और बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चौबीस घंटे में गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। लू के थपेड़े परेशान करेंगे, जबकि तापमान अभी और बढ़ेगा।
अस्पताल में मरीज हो रहे बेहाल
सरकारी अस्पतालों में गर्मी की वजह से मरीजों की हालत और ज्यादा बिगड़ने लगी है। अस्पतालों में पंखों की हवा भी मरीजों को राहत नहीं दे पा रही है। तीमारदार सतीश खरबंदा व सोनू बख्शी के अनुसार कई बार वोल्टेज इतनी कम हो जाती है कि मरीज एकदम बेचैन हो जाते हैं, पंखे ठीक से चल नहीं पाते, इसीलिए उन्हें पंखे झुलाकर राहत देनी पड़ती है लेकिन इससे भी काम नहीं बन पाता।
यह कहते हैं चिकित्सक
डा. दिनेश कुमार अग्रवाल, डा. संजीव कौशिक का कहना है कि यह गर्मी काफी खतरनाक है। यदि जरा सी लापरवाही, तो यह बड़ी परेशानी में डाल सकती है, इसीलिए बेहतर है कि इससे बचा जाए। यदि बीमार हों, तो तुरंत चिकित्सक से चेकअप करवाएं।
पानी के लिए भटकना जारी
ट्विनसिटी के कई इलाकों में लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। इन इलाकों में पाश कॉलोनियों भी शामिल हैं। डीसी भी ऐसे क्षेत्रों में दौरा कर चुके हैं, लेकिन पेयजल को लेकर लोगों की परेशानियों कम नहीं हो रही हैं। उधर, जल महकमे के अफसर जल्द ही समस्या का समाधान करने का दावा कर रहे हैं।
लू के थपेड़ों ने खूब सताया
शुक्रवार को पारा तो चढ़ ही गया वहीं लू के थपेड़ों ने भी लोगों को बेहाल कर दिया। कुलदीप सिंह, प्रशांत सिंह व मुकुल का कहना है कि शुक्रवार को लू की वजह से बाइक पर चलना मुश्किल हो रहा था।