अंबाला सिटी। नगर निगम मेयर सैलजा संदीप सचदेवा ने हरियाणा सरकार की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का स्वागत किया। मेयर सैलजा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए 25 सितंबर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारम्भ करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि यह योजना मात्र आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान की प्रतिष्ठा है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र महिला विवाहित अथवा अविवाहित जिनकी आयु 23 वर्ष अथवा उससे अधिक है, उन्हें प्रतिमाह 2100 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि केवल धन नहीं, बल्कि विश्वास और संबल का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एक ही परिवार की अनेक पात्र महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगी। इसके अतिरिक्त, कैंसर स्टेज-3 एवं 4, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया, स्किल सेल एवं 54 दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित महिलाएं जिन्हें पहले से पेंशन प्राप्त है, उन्हें इस योजना का अतिरिक्त लाभ भी प्रदान किया जाएगा।