नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर और 20 वार्ड पार्षदों ने वीरवार को शपथ ली। शहर के पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर अंबाला मंडल की दीप्ति उमाशंकर ने अंबाला की पहली महिला मेयर शक्तिरानी और अन्य पार्षदों को शपथ दिलाई। बैंगनी रंग का सूट पहने मेयर शक्तिरानी ने सबसे पहले विधि द्वारा स्थापित संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा रखने और कर्तव्य का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की शपथ ली।
12 बजे शुरू हुआ शपथ ग्रहण समारोह 12 बजकर 23 मिनट पर समाप्त हो गया। इस तरह मेयर के अलावा 20 पार्षदों ने 23 मिनट में शपथ ली। समारोह में कांग्रेस के पार्षद राजेश मेहता ने हाथ जोड़कर मेयर को प्रणाम किए, जबकि भाजपा की पार्षद अर्चना छिब्बड़ और यतिन बंसल और मीना ढींगरा ने भी संस्कारों का परिचय देते हुए पद के साथ-साथ उम्र में बड़ी मेयर के पांव छूकर आशीर्वाद दिया।
वहीं, भाजपा में शामिल पूर्व मेयर रमेशमल ने बुके देकर उनका स्वागत किया। उनकी पुत्रवधू जोकि भाजपा की पार्षद चुनी गई हैं, मोनिका मल और कांग्रेस की ही मेघा गोयल, जजपा की प्रीति सूद ने उन्हें हाथ जोड़कर नमन किया, लेकिन कांग्रेस के मिथुन और हितेष जैन ने एक ही मंच पर रहते हुए मेयर से दूरी बनाए रखी।
16 पार्षदों ने हिंदी में ली शपथ
वार्ड नंबर 17 की पार्षद राणो देवी ने पंजाबी में शपथ ली तो वार्ड नंबर 11 से मिथुन और 12 से अमनदीप कौर और वार्ड नंबर 7 से मोनिका मल ने इंग्लिश में शपथ ली।