अंबाला। शारदीय नवरात्र पर्व का शुभारंभ सोमवार से हो रहा है। इसके साथ ही 10 दिनों तक घरों और मंदिरों मां के जयकारे गूंजेंगे।
इस दौरान भक्त मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा करेंगे और सुख-समृद्धि के लिए घटस्थापना करेंगे। शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा तिथि पर कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:09 बजे से लेकर सुबह 7:40 बजे तक और सुबह 9:10 से 10: 42 तक है। अगर इस मुहूर्त में कलश स्थापना नहीं कर पाए तो अभिजीत मुहूर्त में भी घट स्थापना कर सकते हैं। इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:49 बजे से दोपहर 12:40 बजे तक रहेगा।
10 दिन का होगा पर्व : शारदीय नवरात्र का प्रारंभ 22 सितंबर से हो रहा है। इसका समापन 2 अक्टूबर दशमी पारण में होगा। इस साल नौ की जगह 10 दिन नवरात्र का पर्व मनाया जाएगा। इस साल एक ही तिथि दो दिन पड़ रही है। शास्त्रों में नवरात्र के दिनों में वृद्धि होना अत्यंत शुभ माना जाता है।