- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल करेंगे लोकार्पण, छह से आम लोगों के लिए खोला जाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। 1857 की क्रांति के प्रतीक शहीद स्मारक का वीरवार को लोकार्पण होगा। इसके बाद शुक्रवार से यह स्मारक आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। शहीद स्मारक का लोकार्पण केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। अब लोगों के मन में एक ही सवाल है कि आखिर इसमें प्रवेश के टिकट का क्या मूल्य होगा। सूत्रों की मानें तो इसकी टिकट का मूल्य 100 से 200 रुपये के बीच में हो सकता है। हालांकि अभी इसके टिकट के दामों पर निर्णय नहीं लिया गया है।
सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता वाली कमेटी बुधवार तक इसकी टिकट के दाम फाइनल कर देगी। इसके बाद आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की जाएगी। शहीद स्मारक का लोकार्पण 5 नवंबर को होगा। इस दिन सिर्फ अनुमति वाले लोगों को ही जाने की इजाजत होगी। इसके बाद 6 नवंबर से लोगों के लिए इसे खोल दिया जाएगा। उम्मीद है कि बच्चों के लिए टिकट नि:शुल्क रखी जाएगी। वहीं प्रदेशभर के विद्यार्थियों के यहां पर दौरे भी कराने का निर्णय लिया गया है। इस टूर का खर्चा सरकार अपने स्तर पर उठाएगी।
शहीद स्मारक पर पहुंचने के लिए रास्ते
अगर आप दिल्ली की तरफ से आ रहे हैं तो दिल्ली-अंबाला राजमार्ग, जिसे जीटी रोड भी कहा जाता है, उससे सीधे शहीद स्मारक तक पहुंच सकते हैं। दिल्ली से आने पर मोहड़ा अनाज मंडी को क्रॉस कर शहीद स्मारक पर पहुंचा जा सकता है। वहीं अगर आप पंजाब या चंडीगढ़ की तरफ से आ रहे हैं तो उन्हें कैंट के फ्लाइओवर से होते हुए सीधे जीटी रोड से शहीद स्मारक तक पहुंच सकते हैं। इसका एक रास्ता शास्त्री कॉलोनी स्थित सर्विस लेन से भी हो सकता है। वहीं अगर कोई उत्तराखंड से आ रहा है तो वह दोसड़का होते हुए शाहबाद और फिर जीटी रोड पर से सीधे शहीद स्मारक पहुंच सकता है। वहीं अगर कोई यमुनानगर से आ रहा है तो वह साहा से शाहबाद और शाहबाद से हाेते हुए जीटी रोड के जरिए शहीद स्मारक तक पहुंच सकता है।
टिकट के मूल्य पर निर्णय लेने की प्रक्रिया चल रही है। सीएम के नेतृत्व में इस पर निर्णय लिया जाना है। इसकी घोषणा आधिकारिक रूप से होगी।
डॉ. कुलदीप सैनी, निदेशक, शहीद स्मारक, अंबाला छावनी