मुलाना। क्षेत्र की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव फंदे पर मिला। जबकि परिजनों का कहना है कि ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या की है। मृतका के पिता की शिकायत पर मुलाना पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुलाना पुलिस को दी शिकायत में विवाहिता के पिता सोमदत्त ने बताया कि उसकी बेटी मंजू की शादी मुलाना में हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी बेटी को ससुराल वाले और सामान लाने के लिए परेशान करने लगे। उन्होंने बताया कि ससुराल से उनको फोन आया था, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। उधर, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि महिला का शव फंदे पर था। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने विवाहिता के पिता की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी महिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।