छावनी के मिट्ठापुर में 25 वर्षीय पूजा का संदिग्ध हालत में फंदे से लटककर मौत का मामला सामने आया है। वहीं मायके पक्ष ने उसके ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मृतका की मौत के कई घंटों तक उन्हें सूचित नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक विवाहिता की मां रेखा शर्मा की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी और शव छावनी नागरिक अस्पताल की शव गृह में रखवा दिया है। रविवार को विवाहिता का पोस्टमार्टम होगा और रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा।
साहा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशदीप सिंह के बताया कि महिला की मां रेखा शर्मा ने शिकायत दी थी कि पूजा की शादी मिट्ठापुर निवासी शुभम से 2020 में कोरोना काल में हुई थी। शुभम मोबाइल की दुकान चलाता है और उनकी बेटी के पास सवा साल का बच्चा था। उनका कहना है कि बेटी के पति, सास, ननद और ननदोई उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने पूजा को मायके से एक लाख रुपये लाने को कहा था। इसके बाद उन्होंने 50 हजार रुपये दे दिए थे। बाद में उन्हें पता चला कि पूजा ने आत्महत्या कर ली है।