- मृतक महिला के भाई ने पुलिस को फोन पर दी थी अनहोनी की सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट की शालीमार बाग कॉलोनी में नेपाल मूल की विवाहिता की रविवार दोपहर 2 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रोशनी देवी (33) का ससुराल वाले बिना परिजनों के आए कैंट के रामबाग में अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। तभी मृतक महिला के भाई चंदन मिश्रा ने महेश नगर थाना पुलिस को सूचित कर किसी अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस ने श्मशान घाट में जाकर अंतिम संस्कार रुकवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कैंट के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पति बोला- दोपहर को चाय पीने के बाद बिगड़ी हालत
शालीमार बाग कॉलोनी में रोशनी देवी पति कृष्ण चंद के साथ किराये के मकान में रहती थी। पति सीएचसी सेंटर चलाता है। महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बताया कि रोशनी देवी की शादी वर्ष 2015-16 में कृष्णा नंद के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं जिनमें एक लड़का और एक लड़की है। पति कृष्ण चंद ने बताया कि पत्नी रविवार दोपहर में चाय पीने के बाद बैठे थे कि अचानक तबीयत बिगड़ गई। निजी क्लीनिक में लेकर गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। रोशनी देवी के परिजनों को वीडियो कॉल पर जानकारी दी थी। उधरमृतका के परिजनों ने किसी अनहोनी होने की आशंका जताई है। फोरेंसिक एक्सपर्ट आज करेंगे पोस्टमार्टम
विवाहिता की मौत के बाद ससुराल पक्ष जब शव का अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंचा तो मृतका के भाई चंदन मिश्रा ने पुलिस को सूचित कर दिया। भाई का आरोप है कि उसकी बहन की मौत सामान्य नहीं है और इसमें ससुराल पक्ष की भूमिका संदिग्ध है। श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की लगभग तैयारियां पूरी हो गई थी। मंगलवार को परिजनों के अंबाला आने के बाद कैंट के नागरिक अस्पताल में फोरेंसिक एक्सपर्ट से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।