शहजादपुर। कोडवा खुर्द गांव में छत पर कपड़े सुखाने गई लगभग 30 वर्षीय विवाहिता मनप्रीत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत का कारण बिजली का करंट लगना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने जमकर रोष जताया। उन्होंने मौत पर सवाल खड़े करते हुए सुसराल पक्ष पर आरोप लगाया। शहजादपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल नारायणगढ़ के शवगृह में रखवा दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मोहाली के कंडला गांव निवासी लखमीर सिंह ने कहा कि मेरी बहन मनप्रीत कौर की शादी अक्टूबर 2017 में प्रवीण कुमार के साथ हुई थी। प्रवीन कुमार अक्सर मनप्रीत कौर से मारपीट करता था। जिस संबंध में वुमन सेल सुहाना में केस भी दर्ज किया गया था। लखमीर सिंह ने बताया कि बीती शाम भी उसकी बहन मनप्रीत कौर के साथ प्रवीन ने मारपीट की। सोमवार सुबह मनप्रीत के ससुर मान सिंह का फोन आया कि मनप्रीत को करंट लग गया है। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे तो मनप्रीत चारपाई पर मृत पड़ी थी। उसकी बाजू पर करंट से जलने का निशान भी था। लखमीर सिंह ने आरोप लगाया कि मनप्रीत कौर की मौत में ससुरालजनों का हाथ है।
जांच अधिकारी बलदेव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नारायणगढ़ अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके वालों ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।