अंबाला (शहजादपुर)। सौतली गांव में विवाहिता की दहेज के लिए हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका के भाई का आरोप है कि फर्नीचर की दुकान खोलने के लिए पति सहित ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे। एक दिन पहले बहन ने ससुराल पक्ष द्वारा रुपये मांगने की बात कही थी। सोमवार को बहन का शव मिला। पैर व गले पर निशान थे। शहजादपुर थाना पुलिस ने पति जसवंत सहित सोमनाथ, संजीव, जसबीर, सोनिया, अंजु पर बीएनएस में दहेज के लिए हत्या की धारा 80 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शहजादपुर थाना पुलिस को दी तहरीर में डुलियानी गांव निवासी सौरव कुमार ने बताया कि वह दो भाई व दो बहनें है। छोटी बहन गीता रानी (27) की शादी 8 अप्रैल 2022 को सौतली गांव निवासी जसवंत सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दिए गए सामान से संतुष्ट नहीं थे। बहन को दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करते थे। बोलते थे कि पति जसवंत को फर्नीचर की दुकान खोलने के लिए 5 लाख रुपये दो। आरोप लगाया कि 7 सितंबर की शाम को बहन गीता रानी का फोन माता के फोन पर आया। बोल रही थी कि पति जसवंत, ससुर सोमनाथ, जेठ जसबीर, संजीव, संजीव की घर वाली सोनिया, जसबीर की घर वाली अंजू से मिलकर घर से पांच लाख रुपये मंगवाने का दबाव डाल रहे हैं। सोमवार को ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि गीता की मृत्यु हो गई है। सूचना पाकर सीएचसी शहजादपुर में पहुंचे तो पाया कि बहन गीता के गले, दाहिने पैर पर भी निशान थे।