तीज के उपलक्ष्य में अंबाला कैंट व अंबाला सिटी के कपड़ा बाजार में जबरदस्त रौनकों का माहौल है। अंबाला सिटी तो उत्तर भारत की सबसे बड़ी थोक कपड़ा मार्केट है। जहां विभिन्न राज्यों से ग्राहक थोक व रिटेल में कपड़ा लेने पहुंचता है। कैंट व सिटी में करीब 1200 छोटी-बड़ी कपड़े की दुकानें है, जहां तीज पर्व के चलते इन दिनों अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है।
उधर, आगामी त्योहारी सीजन को लेकर भी शोरूम व दुकान मालिकों ने नए-नए सूट व साड़ियों के आर्डर भी दे दिए हैं। इस समय बाजारों में यदि देखा जाए तो महिलाएं तीज पर्व पर पहनने के लिए पसंदीदा साड़ी व सूटों की उत्साह से बिक्री कर रही है। लेकिन इनमें पाकिस्तानी हैंड ब्राज सूट महिलाओं को कुछ ज्यादा ही भा रहे हैं। दरअसल, इस सूट पर सारी इंब्राइडरी हैंड मेड है और इसकी लुक भी शानदार है। इसी वजह से पाकिस्तानी स्टाइल के इन सूटों विभिन्न डिजाइन महिलाओं को खासे आकर्षक रहे हैं। इन सूटों की कीमत भी दो हजार से लेकर पांच हजार रुपये तक है।
एक शोरूम के मालिक अंकुर व कपड़ा कारोबारी पूर्णचंद शर्मा बताते हैं अंबाला में राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, बंगाल, बनारस और दक्षिण राज्यों से सूट-साड़ियों की सप्लाई होती है। उनके अनुसार वे लोग विभिन्न रेंज के सूट व साड़ियां मंगवाते हैं। इन सूटों की कीमत डेढ़ हजार रुपये से लेकर बारह हजार तक है। इसी तरह साड़ियों की कीमत भी दो हजार रुपये से लेकर पंद्रह हजार रुपये तक है। जबकि लहंगे तो इससे भी अधिक महंगे बिकते हैं।
ग्राहक दीपिका सोबती व साहिबा अग्रवाल ने बताया कि मार्केट में इन दिनों अनारकली सूट, प्लाजो, सिल्क, कॉटन, लीलन, मंगलगिरी, लकवनी, चिकन व कली सूटों में भी कई तरह के ऐसे डिजाइन है, जो बहुत पसंद किए जा रहे हैं। ग्राहक कंचन लांबा व आरती के अनुसार बंगाली, बनारसी के साथ-साथ इमरोइन साड़ी का भी काफी क्रेज है। जबकि राजस्थान टच वाले सूट और दुपट्टे वाले सूट भी महिलाएं खूब पसंद करती है।