अंबाला सिटी। शहर के बाजारों और गलियों के बीच में लगे ट्रांसफार्मर हादसे का कारण बन रहे हैं। यह ट्रांसफार्मर कई वर्षों से लगे हैं। अब मकानों और दुकानों की संख्या बढ़ने से यह ट्रांसफार्मर या तो घरों और दुकानों की दीवार के साथ लगे हैं। कई जगह पर गली के बीच में ही ट्रांसफार्मर लगे हैं। इन हाईटेंशन तार के पास से ही रोजाना लोग गुजर रहे हैं।
गर्मी के सीजन में तो ट्रांसफार्मर से कई बार चिंगारियां निकलती हैं, जिससे आग लगने का खतरा रहता है। बीते मंगलवार को शहर खत्रवाड़ा में ट्रांसफार्मर की तार में आग लगने से घर में आग लग गई थी। इसे उनको काफी नुकसान हुआ। स्थानीय लोग भी ट्रांसफार्मर यहां से उठाने की मांग कर रहे हैं।
इन जगहों पर ट्रांसफार्मर से हादसे का डर
दरअसल, शहर के एसए जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास डाकखाना के नजदीक, दर्जियांवाला चौक के पास छोटी सब्जी मंडी में ट्रांसफार्मर लगा है। यह ट्रांसफार्मर रास्ते के बिल्कुल पास लगे हैं। गर्मी के दिनों तो ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलती है। इसके अलावा प्रेम नगर में सड़क के ऊपर भी कई शोरूम के बाहर ही यह ट्रांसफार्मर लगे हैं और शहर की कपड़ा मार्केट में ट्रांसफार्मर व खंभे बिल्कुल दुकानों व शोरूम के पास ही लगे हैं। यह खंभे कई वर्ष पुराने लगे हैं और तारों का भी जाल फैला हुआ है। जिससे मार्केट में हादसा होने का खतरा रहता है।
वर्जन
ऐसी समस्या प्रदेशभर के कई शहरों में हैं। अंबाला में भी यह समस्या देखने को मिली है। शहर के गली व घरों के बाहर ट्रांसफार्मर कई वर्ष पुराने लगाए गए हैं। अगर किसी ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने के लिए लोग उनको जगह चिन्हित करके देते हैं तो इस बारे में आगामी कार्यवाही की जा सकती है। कई बार उनको दिक्कत झेलनी पड़ती है, क्योंकि लोग अपने घरों के बाहर या खाली जगह में ट्रांसफार्मर व खंभे नहीं लगने देते।
वीके गोयल, अधीक्षक अभियंता, अंबाला सर्कल बिजली निगम।
शहर के दर्जियांवाला चौक के पास छोटी सब्जी मंडी में लगा ट्रांसफार्मर।