अंबाला। ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। जीआरपी प्रभारी विलायती राम ने बताया कि जांच अधिकारी राजेश कुमार को मौके पर भेजा था। राजेश ने बताया कि मृतक के संबंध में सूचना बुधवार शाम लगभग 4 बजे स्टेशन मास्टर की तरफ से मिली थी। शव किलोमीटर नंबर 205-5/7 के पास मिला है। मृतक की उम्र लगभग 30-35 वर्ष है। मृतक की दाहिनी बाजू पर अंग्रेजी में शुभम व एसएस गुदा हुआ है, वहीं हथेली के पिछले हिस्से पर ओम का निशान बना हुआ है। आगामी कार्रवाई के लिए शव जीआरपी थाने के शवगृह में रखवा दिया है।