अंबाला सिटी। जिले के ट्रांसपोर्टर महाराष्ट्र के एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह के निशाने पर हैं। यह गिरोह महाराष्ट्र में ऋण वाले ट्रकों को फर्जी रसीदों के जरिये ऋणमुक्त दिखाकर लाखों रुपये की ठगी कर लेते हैं। अंबाला में भी इस गिरोह के दो ट्रांसपोर्टर ठगे जा चुके हैं।
नए मामले में अंबाला सिटी के नंद विहार निवासी ट्रांसपोर्टर 21 लाख रुपये की नकदी गंवा चुके हैं। बलदेव नगर थाना पुलिस ने देवी दयाल की तहरीर पर अंबाला के जडौत रोड निवासी दलाल विजय सहित शमशेर, जहीर, शमशेर, अजहर यूनूस मनिहार, मुस्तकिन अयूब मनिहार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
-
21 लाख में लिए ट्रक पर निकला 34 लाख का ऋण
कपिल ट्रक सेल्स के मालिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें ट्रांसपोर्ट के काम के लिए एक ट्रक खरीदना था। अंबाला के दलाल विजय ने उन्हें विश्वास में लेकर मालेगांव ले जाकर एक ट्रक (MH-26CH/0360) दिखाया। आरोपियों ने दावा किया कि गाड़ी ऋण-मुक्त है और फर्जी बैंक रसीदें व एनओसी दिखाई। आरोपियों के झांसे में आकर 11 मई 2026 को अजहर यूनूस के खाते में 21 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे ट्रांसफर करने के दो घंटे बाद ही आरोपियों ने गाड़ी गायब कर दी। जब पीड़ित ने गाड़ी की डिलीवरी मांगी तो वह टालमटोल करने लगे। बाद में जांच करने पर पता चला कि बैंक क्लोजर और रसीदें पूरी तरह फर्जी थीं और गाड़ी पर पहले से ही 34 लाख रुपये का कर्ज था। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आर्थिक अपराध शाखा की जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह एक संगठित गिरोह है जो नकली आरसी, नकली स्टाम्प और बैंक रसीदों का उपयोग कर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।
तीन दिन पहले ट्रांसपोर्टर से हुई थी 33 लाख की धोखाधड़ी
ट्रांसपोर्ट कारोबारी सिटी के चरखी मोहल्ला निवासी अवतार सिंह से भी सस्ते दामों पर ट्रक दिलाने का झांसा देकर 33 लाख की ठगी हुई है। ठगों ने न केवल पीड़ित को महाराष्ट्र में लाखों रुपये आरटीजीएस करवाए बल्कि बैंक ऋण के नीचे दबी एक गाड़ियां सौंप दीं। जब धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद दो और गाड़ियां लेने गए तो वो गायब कर दीं थी। पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई शिकायत के बाद आर्थिक अपराध शाखा की जांच में इस अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ था। उस समय भी अंबाला सिटी थाना पुलिस ने अवतार की तहरीर पर अंबाला के दलाल विजय कुमार, महाराष्ट्र मालेगांव से शमशीर, जहीर, मुस्तकिन अयूब मनिहार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
ट्रांसपोर्टर से लाखों की ठगी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर धर्मबीर, थाना प्रभारी बलदेव नगर
महाराष्ट्र के ठग गिरोह द्वारा अंबाला सिटी के ट्रांसपोर्ट को थमाया गया था बैंक का यह फर्जी पत्र