अंबाला। जननायक एक्सप्रेस में एक व्यक्ति ने श्रमिक के साथ दोस्ती करके उसे अंडा खिलाया। इसके बाद सामान लेकर फरार हो गया। उसने बैग में रखे एटीएम से दो लाख रुपये भी निकाल लिए। बापूधाम मोतीहारी बिहार से मिली जीरो एफआईआर के आधार पर अंबाला जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया।
मोतीहारी निवासी भूषण प्रसाद ने बताया कि वह जननायक एक्सप्रेस में सरहिंद से बापूधाम मोतीहारी के लिए सवार हुआ था। जब गाड़ी छावनी स्टेशन पर पहुंची तो कोई दो अंडों का ऑमलेट खिलाया। इसके बाद वो शौचालय चला गया। जब वापस आया तो देखा कि सीट पर बैठा व्यक्ति लापता है और उसका पिट्ठू बैग भी सीट पर नहीं था। हालांकि पीड़ित का कहना है कि अंडा खाने के बाद उसे सुध नहीं रही और इस दौरान अनजान व्यक्ति पिट्ठू बैग लेकर फरार हो गया।
खाते से दो दिन में निकाले दो लाख रुपये
भूषण प्रसाद ने बताया कि वो नालागढ़ हिमाचल स्थित एक लोहे की फैक्ट्री में काम करता है। उसने दो लाख रुपये इकट्ठे किए थे। बैग के अंदर ही एटीएम था और उसी पर ही चार अंकों का पिन लिखा था जोकि बैग चोरी करने वाले अंजान व्यक्ति ने देख लिया और फिर लुधियाना जाकर उसने दो दिन के अंदर दो लाख रुपये निकाल लिए। भूषण ने बताया कि पहले दिन चार अप्रैल को आरोपी ने 10-10 हजार करके अलग-अलग एटीएम से एक लाख और फिर दूसरे दिन पांच-पांच हजार करके एक लाख रुपये ओर निकलवा लिए। अब उसके खाते में मात्र पांच हजार रुपये ही बचे हैं।
वर्जन
मोतिहारी से जो जीरो एफआईआर आई है। इस आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ के बाद ही इस मामले में आगामी जानकारी दी जा सकेगी।
राजकुमार, जांच अधिकारी, जीआरपी।