अंबाला। छठ महापर्व पर भगवान सूर्य की पूजा होती है। वह साक्षात देव हैं, जो लोगों को दिखाई देते हैं। सूर्य की पूजा आदिकाल से की जा रही है। पंडित प्रवेश उनियाल ने बताया कि सूर्यदेव की पूजा का उल्लेख सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर काल से मिलता है। तभी से सूर्य पूजा की परंपरा चली आ रही है। विश्व में सूर्य की पूजा विभिन्न रूपों में की जाती है।
ज्योतिष शस्त्र के अनुसार सूर्य सभी ग्रहों के राजा है। जिस व्यक्ति के ग्रह कमजोर हैं, वह भगवान सूर्य की पूजा करते हुए छठ व्रत करें, उनके सभी ग्रह अनुकूल हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोक आस्था का महापर्व छठ कई रहस्यों को भी समेटे हुए है। यह पर्व अध्यात्म और योग का मेल भी है। छठ का एक अर्थ हठयोग भी है। छठव्रती चार दिनों तक लगभग बिना अन्न जल ग्रहण किए रहते हैं। पूजा में काफी सावधानी बरती जाती है। हठयोग में अपने आप को कष्ट देकर ईश्वर को प्रसन्न करने की बात आती है।
सबसे प्राचीन ग्रंथ ऋगवेद में भी छठ महापर्व का जिक्र आता है। वैदिक काल में ऋषि भोजन से दूर रहकर सूर्य से उर्जा प्राप्त करने के लिए यह व्रत करते थे। छठ महापर्व का महात्म रामायण काल एवं महाभारत काल में भी मिलता है। कहा जाता है कि पांडवों के वनवास के समय द्रौपदी ने भी सूर्य की उपासना की थी। इसके बदले में द्रोपदी को एक अक्षय पात्र प्राप्त हुआ था। द्रौपदी के अलावा अंग राज कर्ण भी छठ महापर्व व्रत करते थे। रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद भगवान राम व माता सीता ने भी छठ माता का व्रत किया था।
मार्कंडेय पुराण में भी आता है जिक्र
मार्कंडेय पुराण में भी इस बात का उल्लेख मिलता है कि सृष्टि की अधिष्ठात्री प्रकृति देवी ने अपने आपको छह भागों में विभाजित किया है। इनके छठे अंश को सर्वश्रेष्ठ मातृदेवी के रूप में माना जाता है जो ब्रह्मा की मानस पुत्री और बच्चों की रक्षा करने वाली देवी है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी को इन्हीं देवी की पूजा की जाती है। शिशु के जन्म के छह दिनों के बाद भी इन्हीं देवी की पूजा करके बच्चे के स्वास्थ्य, सफल और दीर्घायु की प्रार्थना की जाती है। पुराणों में इन्हीं देवी का नाम कात्यायनी मिलता है, जिनकी नवरात्रों में षष्ठी को पूजा की जाती है।