हथियारों से लैस करीब 12 बदमाशों ने मंदिर में घुसकर वहां रह रहे तीन परिवारों को बंधक बना लाखों की डकैती को अंजाम दिया। वारदात मंगलवार रात करीब सवा एक बजे हुई। डकैती में बदमाश करीब 1.15 लाख रुपये की नकदी व 5 लाख के सोने-चांदी के गहने ले गए। सूचना मिलते ही महेशनगर थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड, सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और तथ्य जुटाए। महेश नगर थाना पुलिस ने मामले में मंदिर की साध्वी ऊषा की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस को दी शिकायत में साध्वी ऊषा ने बताया कि रौल्यों रोड हरमन सिटी छोटा खुड्डा में उन्होंने अपने प्लॉट में महामाया बाला सुंदरी का मंदिर बनाया है। मंदिर की देखरेख वह स्वयं करती हैं। इसी मंदिर में उनके भाई-भाभी और दीदी जीजा का परिवार भी रहता है। मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे उन्होंने मंदिर के कपाट बंद कर दिए थे। खाना खाने के बाद मोबाइल पर माता का कार्यक्रम देख रहे थे। इसके बाद रात करीब साढ़े 12 बजे सो गए। बताया कि वह और उसकी सेवक रजनी मंदिर के सामने वाले कमरे में सोए थे। मंगलवार-बुधवार रात करीब एक बजे कुछ शोर सुनाई दिया। खिड़की का पर्दा हटाकर देखा तो दो युवक पुलिस की वर्दी में बगल वाले कमरे में बैठे थे। उन्हें देखते ही रजनी ने शोर मचाया तो दोनों बदमाशों ने कहा कि पुलिस की रेड पड़ी है शोर मत मचाओ। इसके बाद दोनों ताला तोड़कर उनके कमरे में आ गए और कहने लगे की मंदिर में नशीले पदार्थों की तस्करी की शिकायत मिली है। इसी बहाने बदमाशों ने मंदिर में चप्पे-चप्पे खंगालने लगे।
यह सामान ले गए डकैत
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने तीनों परिवारों के कमरों से अलमारी का ताला तोड़कर 35 हजार रुपये की नकदी। सेवकों द्वारा दिया करीब 25 हजार रुपये के माता के सोने के झुमके, चेन, नथ, कोका, करीब 25 चांदी के सिक्के, चांदी का कछुआ, चांदी की मूर्ति और दूसरे कमरे से दो सेट सोने के, पांच पायल की जोड़ी, एक बड़ी पाजेब, चांदी का मंगल सूत्र, सोने के पांच छ: कोके, टोप्स की जोड़ी, मां की चांदी की तागड़ी, चांदी के बाजू बंद, मां के चांदी के कड़े, करीब 85 हजार नकदी। जिसमें कुल करीब एक लाख 15 हजार की नकदी और 5 लाख के सोने चांदी के जेवर ले गए।