संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। दीपावली पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका क्षेत्र एवं ग्राम पंचायत शहजादपुर में ग्रीन पटाखों की बिक्री हेतु स्थान निर्धारित किए गए हैं। एसडीएम शिवजीत भारती ने बताया कि इच्छुक प्रार्थी 15 अक्तूबर तक एसडीएम कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। ग्रीन पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थलों पर 18, 19 और 20 अक्तूबर तक स्टॉल लगाकर की जा सकेगी। एसडीएम ने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए हुड्डा सेक्टर-4, कॉलेज रोड स्थित हुड्डा पार्किंग ग्राउंड को चिह्नित किया गया है। इसी प्रकार बीडीपीओ शहजादपुर द्वारा ग्राम पंचायत शहजादपुर में पशु अस्पताल के पास खाली पड़ी पंचायती भूमि को ग्रीन पटाखों की बिक्री स्थल के रूप में चयनित किया गया है। एसडीएम ने कहा कि दीपावली के अवसर पर केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री और उपयोग की ही अनुमति होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाएं।