संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। नशे की हालत में गांव के ही व्यक्ति के नाम का गलत इस्तेमाल कर पेंशन हड़पने और 11 बैंकों से कर्ज लेने का मामला सामने आया है। इनमें से 5 लोन अभी चालू हैं।
आरोपी ने पीड़ित का नाम अपने परिवार पहचान पत्र और राशन कार्ड में दर्ज करवा लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बराड़ा निवासी हुकम चंद ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह अविवाहित हैं और उनके माता-पिता का देहांत हो चुका है। आरोप है कि गांव के ही बलविंद्र कुमार ने उनकी बेबसी का फायदा उठाया। आरोपी ने उन्हें नशे की हालत में रखकर और बहला-फुसलाकर उनके पहचान पत्रों और बैंक खातों का दुरुपयोग किया। शिकायत के अनुसार, आरोपी बलविंद्र ने उनका नाम अपने परिवार पहचान पत्र और अपने बेटे रमन चौधरी के राशन कार्ड में दर्ज करवा दिया। इसके बाद उनके नाम पर अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से 11 लोन पास करवा लिए, जिनमें से 5 पर्सनल लोन (बजाज फाइनेंस आदि) अभी भी जारी हैं।