नारायणगढ़। नारायणगढ़ के पंजलासा चौक पर अंडों की रेहड़ियों पर अवैध शराब पिलाने की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस की टीम पर बुधवार रात्रि में भीड़ ने हमला कर उनपर पथराव कर दिया। बाद में भारी मात्रा में पुलिस बल बुलाकर मामले को शांत किया गया। इस दौरान लोग इतना आक्रोशित थे कि वह एक बार तो पंजलासा चौक पर बैठ गए और जाम लगा दिया। इसके बाद भाजपा लोकसभा प्रत्याशी बंतो कटारिया के कार्यालय पर लगे बैनर व पोस्टरों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
ऐसे में रातभर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। वहीं सुबह पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति बरतने की अपील की है। नारायणगढ़ पुलिस की मानें तो मामले में पुलिस ने रॉकी, पंकज, साहिल उर्फ हन्नी, सोमनाथ, गोलु, राहुल उर्फ भुप्पी, रोहित उर्फ माणा, मोंटी व अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और शांति भंग करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों में रॉकी, मोहित माणा व सोमनाथ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य की तलाश को दबिश दी जा रही है।
सरकारी गाड़ी के ऊपर चढ़कर की तोड़फोड़, दो मुलाजिम चोटिल
पुलिस को सूचना मिली थी कि नारायणगढ़ के पंजलासा चौक पर अंडों की रेहड़ियों पर अवैध शराब का इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद निरीक्षक मुकेश कुमार, एसपीओ विकास कुमार व अन्य सरकारी गाड़ी में मौके पर गए थे। उन्होंने देखा कि कुछ लोग अंडे खाकर और शराब पीकर हुड़दंग कर रहे थे। जब उन्होंने रेहड़ी वालों को समझाया कि ये गैर कानूनी है तो आरोपियों ने उनसे बहस शुरू कर दी। इसके अलावा करीब 24-25 लोगों ने उनसे बहसबाजी शुरू कर दी। भीड़ में शामिल कुछ लोग उनसे गाली गलौज करने लगे और सरकारी गाड़ी पर चढ़कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब पुलिस कर्मियों ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो रॉकी गंडासी, पंकज, साहिल उर्फ हन्नी हाथ में बिंडो व गोलू ईंट लेकर उनकी ओर दौडे़। आरोपियों ने गंडासी से एक पुलिसकर्मी की गर्दन पर वार भी किया था लेकिन वह झुक गया। इस बीच एसपीओ विजय कुमार व मुकेश कुमार भी चोटिल हो गए।
-
पथराव कर दिया शुरू
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कुछ युवकों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे अपने आप को बचाया तो भीड़ ने पास में ही स्थित भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के चुनाव कार्यालय पर धावा बोल दिया। यहां पर लगे टेंट के खंबे पर एक युवक चढ़ गया और प्रत्याशी के पोस्टर तो उतारने की कोशिश करने लगा। वहीं दूसरा युवक तो इस टेंट के खंभे को जोर से गिराने के उद्देश्य से हिलाने लगा। इसके साथ ही लोगों ने पंजलासा चौक पर बस को रोक लिया गया। जिससे यहां काफी देर तक जाम लगा रहा।
-
पुलिस अधिकारियों ने समझाया
क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनने के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भीड़ को समझाने का प्रयास किया और जैसे-तैसे उन्हें शांत कर घर भेजा। इसके बाद भी क्षेत्र में तनाव जैसे हालात बने रहे। हालांकि पुलिस देर रात्रि तक चप्पे चप्पे पर निगरानी करती दिखाई दी। इसके साथ ही वीरवार को पुलिस ने एक फ्लैगमार्च निकालकर क्षेत्र में लोगों से शांति की अपील भी की है।
-
वर्जन
पुलिस बुधवार रात्रि को अवैध रूप से शराब पिलाने के मामले में दबिश देने गई थी। आरोपियों ने उन पर पथराव कर दिया और मार्ग अवरुद्ध कर दिया। हालांकि देर रात्रि को उन्हें समझा लिया गया था। इस मामले में आरोपियाें के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। - रणधीर सिंह, डीएसपी, नारायणगढ़