अंबाला सिटी।सिटी बस स्टैंड के सामने बनी मार्केट में जाम लगना एक आम बात हो चुकी है। वहां से गुजरने वाले राहगीरों की मानें तो मार्केट में जाम की स्थिति बनने का मुख्य कारण स्थानीय दुकानदार हैं, क्योंकि दुकानदारों ने दुकानें करीब 10 से 12 फीट तक रोड पर लगाई हुई है। यह स्थिति मार्केट के दोनों तरफ बनी हुई है। रोड पर जगह कम होने के कारण वाहन चालक लंबे समय तक जाम में ही फंसे रहते हैं। वहीं बस स्टैंड के बाहर रेहड़ी-फड़ी भी व्यवस्थित नहीं हैं। जिससे जाम की स्थिती बन रही है।
होलसेल कपड़ा मार्केट के स्थानीय दुकानदार राहुल वालिया ने बताया कि मार्केट के प्राचीन शिव मंदिर के नजदीक वह अपनी दुकान पर जा रहे थे कि बस स्टैंड के सामने मार्केट में करीब 25 मिनट तक जाम में फंसे रहे। अतिक्रमण के कारण जाम की परिस्थितियों से जूझना पड़ रहा है।
मार्केट में कार्यरत गुलशन सूद का कहना है कि वह निजी काम से मार्केट से गुजर रहे थे, मगर जैसे ही वह बस स्टैंड से होलसेल कपड़ा मार्केट की ओर आए तो ई-रिक्शा आदि की भीड़ में काफी समय तक जाम में ही फंसे रहे। मार्केट में ई-रिक्शा चालक अपनी मनमर्जी करते हुए गुजरते हैं।
राहगीर पंकज मेहता का कहना है कि मार्केट में दोनों ओर तरह से स्थानीय दुकानदारों ने अतिक्रमण किया हुआ है। इस कारण जाम लगना आम बात हो चुकी है। नगर निगम प्रशासन को अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो सके।
बस स्टैंड के सामने स्थानीय दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर जांच करवाई जाएगी। यदि दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया गया तो निगम द्वारा संबंधित कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। इसकी जांच तुरंत प्रभाव से ही होगी।
-शक्तिरानी शर्मा, मेयर नगर निगम अंबाला।